ईरान और अमेरिका में जारी जंग के बीच जुबानी तीर भी जमकर छोड़े जा रहे हैं. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने खुली चेतावनी दी है, दूसरी तरफ अमेरिका का भी बयान आया है.
ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि ईरान में अमेरिका ग्राउंड ऑपरेशन को भी अंजाम दे सकता है. मतलब वहां सेना भी उतारी जा सकती है. इसपर अराघची ने साफ कहा कि अगर ऐसा होता है तो नतीजे भयानक होंगे.
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची बोले कि तेहरान अमेरिका के ग्राउंड ऑपरेशन से निपटने के लिए तैयार है. उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिका और इजरायल के साथ युद्ध तेज होने की वजह से वाशिंगटन के साथ युद्धविराम या बातचीत की मांग करने का उनका कोई इरादा नहीं है.
एनबीसी न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में, अराघची ने कहा कि ईरान की सेना ने किसी भी स्थिति के लिए तैयारी कर ली है और चेतावनी दी कि ग्राउंड ऑपरेशन का परिणाम अमेरिकी सेना के लिए बुरा होगा.
अराघची ने कहा, ‘हमें पूरा भरोसा है कि हम उनका सामना कर सकते हैं, और यह उनके लिए एक बड़ी आपदा होगी.’
अराघची ने संभावित अमेरिकी जमीनी आक्रमण के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘नहीं, हम उनका इंतजार कर रहे हैं.’
अराघची ने कहा कि ईरान ने पिछले संघर्षों से सबक सीखा है और अब उसे विश्वास है कि अगर युद्ध जमीनी स्तर पर बढ़ता है तो उसकी सेना अमेरिकी सेनाओं का सामना करने में सक्षम है.
अरघची ने वाशिंगटन के साथ बातचीत की संभावना को भी खारिज कर दिया और कहा कि देश भर में जारी अमेरिकी और इजरायली हवाई हमलों के बावजूद तेहरान युद्धविराम की पहल नहीं करेगा.
‘अमेरिका ने ईरान में अभी लड़ाई शुरू की है’
ईरान के विदेश मंत्री के बयान के बीच अमेरिकी रक्षा मंत्री का भी बयान आया है. उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान में अभी-अभी लड़ाई शुरू की है. अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि अगर ईरान यह मानता है कि संयुक्त राज्य अमेरिका मौजूदा युद्ध को जारी नहीं रख सकता है तो वह गलती कर रहा है, उन्होंने आगे कहा कि वाशिंगटन ने अभी-अभी लड़ाई शुरू की है.
वहीं, ईरान पर अटैक के लिए शुरू किए गए Operation Epic Fury पर ट्रंप ने भी बात की. उन्होंने कहा, ‘उनके (ईरान) पास कोई वायुसेना नहीं है, उनके पास कोई एयर डिफेंस नहीं है, उनके सभी हवाई जहाज चले गए हैं, मिसाइलें चली गई हैं, लॉन्चर चले गए हैं – लगभग लगभग 60% और 64% सामान खत्म है.’ ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने तीन दिनों में ईरान के 24 जहाजों को नष्ट कर दिया.
—- समाप्त —-


