साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने 4 मार्च को हैदराबाद में एक शानदार रिसेप्शन का आयोजन किया. इस ग्रैंड इवेंट में फिल्मी दुनिया के कई दिग्गज सितारे अपनी मौजूदगी दर्ज कराने पहुंचे. लेकिन इन सबके बीच ‘ग्लोबल स्टार’ राम चरण के लुक ने हर किसी को हैरान कर दिया
दरअसल ब्लैक आउटफिट में पहुंचे राम चरण को नंगे पैर देखकर हर कोई हैरान रह गया. वो अपनी पत्नी उपासना के साथ रिसेप्शन में पहुंचे थे.
क्या है इसके पीछे की वजह?
सुपरस्टार राम चरण अपनी पत्नी उपासना के साथ रिसेप्शन में पहुंचे थे. राम चरण को सिर से पैर तक काले कपड़ों में देखा गया और वो बिना जूतों या चप्पल के, यानी नंगे पैर ही वेन्यू पर नजर आए. राम चरण इन दिनों अपनी धार्मिक मान्यताओं के चलते ‘अयप्पा दीक्षा’ का पालन कर रहे हैं. इस कठिन व्रत के दौरान भक्तों को काले कपड़े पहनने होते हैं और 41 दिनों तक नंगे पैर रहना पड़ता है. उनकी इसी श्रद्धा और सादगी ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया है.
हालांकि ये पहली बार नहीं है, जब एक्टर को इस तरह नंगे पैर देखा गया हो. पिछले कई सालों में कई बड़े मौके पर एक्टर इसी तरह दिथाई दिए है. यहां तक की ऑस्कर 2023 में हिस्सा लेने से पहले भी उन्हें इस अवतार में देखा जा चुका है.
‘अयप्पा दीक्षा’ क्या है?
जानकारी के मुताबिक अयप्पा दीक्षा एक अत्यंत कठिन और पवित्र धार्मिक अनुष्ठान है, जिसे भगवान अयप्पा के भक्त उनके दर्शन (सबरीमाला मंदिर की यात्रा) से पहले करते हैं. यह व्रत आमतौर पर 41 दिनों का होता है. इस दौरान भक्त को पूर्ण ब्रह्मचर्य का पालन करना होता है. दीक्षा के दौरान भक्त केवल काले या नीले रंग के वस्त्र ही पहनते हैं. इस अवधि में भक्त जूते या चप्पल का त्याग कर देते हैं और हर जगह नंगे पैर ही जाते हैं, जैसा कि राम चरण को रिसेप्शन के दौरान देखा गया. इसके अलावा ना तो नॉनवेज खाना होता, ना ही दाढ़ी और बाल कटवा सकते हैं.
भव्य रहा रिसेप्शन
वहीं हैदराबाद का यह रिसेप्शन काफी भव्य रहा. जिसमें कपल के परिवारों ने मिलकर मेहमानों का स्वागत किया. राम चरण के अलावा साउथ इंडस्ट्री के कई अन्य कलाकार और करीबी दोस्त भी इस नए जोड़े को आशीर्वाद देने पहुंचे.
—- समाप्त —-



