More
    Home Home AI समिट में शर्टलेस प्रोटेस्ट की ‘साजिश’ में उदय भानु का रोल?...

    AI समिट में शर्टलेस प्रोटेस्ट की ‘साजिश’ में उदय भानु का रोल? यूथ कांग्रेस चीफ की गिरफ्तारी के पीछे की Inside Story

    0
    5
    AI समिट में शर्टलेस प्रोटेस्ट की ‘साजिश’ में उदय भानु का रोल? यूथ कांग्रेस चीफ की गिरफ्तारी के पीछे की Inside Story


    दिल्ली पुलिस ने इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट के दौरान शर्टलेस प्रोटेस्ट के मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को मंगलवार को 20 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उन्हें आज पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया और 7 दिन की कस्टडी रिमांड की मांग की. सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की जांच में ऐसे सबूत मिले हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि उदय भानु एआई समिट के दौरान शर्टलेस प्रोटेस्ट की साजिश और प्लानिंग में शामिल थे. 

    पुलिस का कहना है कि मामले की तह तक जाने के लिए उदय भानु से लंबी पूछताछ जरूरी है, जिसके लिए उन्हें हिरासत में लेने की आवश्यकता है. मामले में अब तक गिरफ्तार सातों आरोपी यूथ कांग्रेस से जुड़े हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, सभी गिरफ्तार आरोपियों से उदय भानु का आमना-सामना कराया जाएगा. इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि पूरी प्लानिंग कब, कहां और किस तरह की गई थी. इससे पहले कल दिल्ली पुलिस ने उदय भानु को हिरासत में लिया था और तिलक मार्ग थाने में करीब 20 घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें आज तड़के 4:30 बजे के आसपास गिरफ्तार कर लिया गया.

    कांग्रेस पार्टी ने अपने X हैंडल से किए एक पोस्ट में लिखा, ‘दिल्ली पुलिस ने IYC के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है. ये गिरफ्तारी पूरी तरह से असंवैधानिक है. तानाशाह नरेंद्र मोदी की सनक का नतीजा है. देश के संविधान ने हर नागरिक को विरोध का अधिकार दिया है. नरेंद्र मोदी इस अधिकार को ही छीन लेना चाहते हैं. हम इन हथकंडों से डरने वाले नहीं हैं. हम जनता की आवाज उठाते रहेंगे, उनके लिए लड़ते रहेंगे. जय हिंद-जय कांग्रेस.’

    कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने मामले में प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘इंडियन यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए एक पूर्णतया शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में 20 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ करने के बाद, दिल्ली पुलिस ने आज सुबह 4 बजे उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया. आप जो भी करें, इससे भ्रष्ट प्रधानमंत्री को बेनकाब करने का हमारा संकल्प कमजोर नहीं होगा. हम इंडियन यूथ कांग्रेस और उदय भानु चिब के साथ खड़े हैं.’

    Supriya Shrinet

    आईवाईसी प्रमुख उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, ‘यह शर्मनाक है कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने वालों से उन्हें परेशानी है. तानाशाह उसे आईना दिखाने वालों को जेल में डाल देता है. क्या पुलवामा, पहलगाम और लाल किले के विस्फोट के पीछे के सभी आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया है? आप आतंकवादी हमलों के पीछे के दोषियों को गिरफ्तार नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन किसी के कमीज उतारने भर से डर जाते हैं. यही सरकार की सच्चाई है.’

    वैश्विक मंच पर देश की छवि खराब करने का आरोप

    सूत्रों ने यह भी बताया कि इस मामले को सामान्य विरोध प्रदर्शन के रूप में नहीं देखा जा रहा है. जांच एजेंसियां इस पहलू की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या AI समिट के दौरान पूरे विश्व से आए मेहमानों के सामने भारत की छवि को जानबूझकर बदनाम करने की कोशिश की गई थी. इससे पुलिस ने सोमवार को मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के एक सदस्य को ग्वालियर से गिरफ्तार किया था. आरोपी जितेंद्र सिंह यादव को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि 3 से 4 अन्य आरोपी अभी रडार पर हैं. 

    यूथ कांग्रेस के 11 सदस्यों ने किया था शर्टलेस प्रोटेस्ट

    नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट के दौरान 20 फरवरी को यूथ कांग्रेस के 11 कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस प्रोटेस्ट किया था. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने तिलक मार्ग थाने में सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारी जैकेट और स्वेटर के नीचे नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाले टी-शर्ट पहने हुए थे. भारत मंडपम के हॉल नंबर-5 में प्रवेश करने के बाद आरोपियों ने अपनी कमीज उतार दी और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की.

    मौके से चार आरोपियों- कृष्णा हरि (यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव), कुंदन यादव (बिहार यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव), अजय कुमार (यूपी यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष) और नरसिंह यादव (यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय समन्वयक) को गिरफ्तार किया गया था. अदालत ने 21 फरवरी को उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन में इस्तेमाल किए गए टी-शर्ट और पोस्टर एक गिरफ्तार आरोपी की कार से बरामद किए गए हैं.

    —- समाप्त —-



    Source link

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here