पंच बेबी मंकी की इमोशनल जर्नी पहले ही लाखों लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच चुकी थी. सोशल मीडिया पर लोग इस नन्हे बंदर पर दिल खोलकर प्यार लुटा रहे हैं. मां के स्नेह और सुरक्षा की तलाश में यह बेबी मंकी लगातार एक सॉफ्ट टॉय से चिपका रहता है. उसकी तस्वीरें और वीडियो देखकर लोग न सिर्फ उसके दर्द को महसूस कर रहे हैं, बल्कि अपने अकेलेपन और एक बच्चे के जीवन में मां की जरूरत से भी खुद को जोड़ पा रहे हैं.
लेकिन अब यह कहानी एक ऐसे मोड़ पर पहुंच गई है, जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी. एक इंफ्लुएंसर ने इस वायरल बंदर को जापान के एक चिड़ियाघर से खरीदने के लिए 2,50,000 डॉलर यानी लगभग 2 करोड़ रुपये की पेशकश कर दी है. यह खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई.
यह पेशकश तब सामने आई जब ट्रिस्टन टेट ने पंच का वायरल वीडियो एक्स पर शेयर करते हुए लिखा-यह बंदर किस चिड़ियाघर का है? कोब्रा टेट और मैं इसे खरीदेंगे. ट्रिस्टन टेट एक ब्रिटिश–अमेरिकन इंफ्लुएंसर, ऑनलाइन पर्सनैलिटी और पूर्व किकबॉक्सर हैं. वे महंगी कारों, प्राइवेट जेट जीवनशैली और लग्जरी कंटेंट के कारण लगातार चर्चा में रहते हैं. वे अक्सर अपने भाई एंड्रू टेट के साथ वीडियो और पॉडकास्ट में नजर आते हैं. दोनों भाइयों की सोशल मीडिया पर भारी लोकप्रियता है और कई बार वे विवादों में भी रहे हैं.
देखें पोस्ट
ट्रिस्टन का पोस्ट कुछ ही घंटों में तेजी से वायरल हुआ और दो दिनों के भीतर 5.5 मिलियन से अधिक व्यूज पार कर गया. इसके बाद सोशल मीडिया पर यह मुद्दा बहस का केंद्र बन गया और प्रतिक्रियाएं लगातार आने लगीं.
यह भी पढ़ें: बेबी मंकी को आखिर मिल गया प्यार-दुलार! वायरल वीडियो ने लोगों की आंखें नम कर दीं
ट्रिस्टन के ऑफर के बाद सोशल मीडिया दो भागों में बंट गया. कुछ लोगों का कहना है कि यह रिस्क्यू की कोशिश है और पंच को बेहतर माहौल मिल सकता है. वहीं दूसरी ओर, कई लोगों ने इस पर आपत्ति जताई कि एक जंगली जानवर को रेगुलेटेड जू सिस्टम से हटाकर निजी स्वामित्व में देना कितना नैतिक है. खासकर तब, जब हाल की वीडियो में पंच को अपने समूह के साथ सहज होते, एक वयस्क बंदर से ग्रूमिंग कराते और अन्य मकाकों से दोस्ती बनाते हुए देखा गया है.
क्या है पंच की कहानी, जिसने लोगों को रुला दिया!
पंच, जो इचिकावा सिटी जू में रहता है, पहली बार तब चर्चा में आया जब उसे एक स्टफ्ड ओरंगुटान खिलौने से चिपके हुए देखा गया. सात महीने के इस मकाक को जन्म के तुरंत बाद उसकी मां ने छोड़ दिया था, जिसके बाद ज़ू स्टाफ ने उसे हाथों से पाला. मां की कमी ने उसे उस सॉफ्ट टॉय से गहरे भावनात्मक लगाव में बांध दिया, जो अब उसके लिए सुरक्षा, सहारा और सुकून का जरिया बन गया है.
यह भी पढ़ें: खिलौने में मां को तलाशता मासूम बंदर… पीछे की कहानी ने लोगों को रुला दिया!
इस पूरी कहानी में अब भावनाएं भी हैं, विवाद भी, और दुनिया की निगाहें भी. एक छोड़े हुए बेबी मंकी से लेकर अंतरराष्ट्रीय चर्चा के केंद्र तक पंच की यह सफर अभी भी जारी है. हर दिन लोगों के दिलों को छू रही है.
—- समाप्त —-


