रांची एयरपोर्ट के निदेशक ने पुष्टि की है कि एयर एम्बुलेंस चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत करमाटांड़ गांव के पास स्थित घने जंगलों में क्रैश हो गई है. विमान ने रांची एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए टेकऑफ किया था, लेकिन रास्ते में ही उसका संपर्क रडार से टूट गया.
एयर एंबुलेंस फ्लाइट दोपहर 1:37 बजे रवाना हुई थी. फ्लाइट का दिल्ली पहुंचने का निर्धारित समय शाम 4:30 बजे बताया जा रहा था.
उस मरीज की मौत हो गई है जिसे इलाज के लिए एयर एंबुलेंस के जरिए लाया जा रहा है. मरीज की पहचान 41 साल के संजय कुमार के रूप में हुई है जिन्हें बर्न इंजरी हुई थी. हादसे की सूचना मिलते ही चतरा जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके की ओर रवाना हो गई हैं. राज्य सरकार और DGCA इस पूरी घटना की उच्च स्तरीय जांच की तैयारी कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: बारामती प्लेन क्रैश मामले को लेकर महाराष्ट्र में उबाल, रोहित पवार ने सरकार को घेरा, CID जांच की मांग की
चतरा के एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली है और पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है. उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही स्थिति की स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी. घटनास्थल घने जंगल से घिरा इलाका बताया जा रहा है, जहां पहुंचना चुनौतीपूर्ण है.
जानकारी के अनुसार, यह एक मेडिकल फ्लाइट थी जो एक गंभीर मरीज को लेकर दिल्ली जा रही थी। विमान में कुल 7 लोग सवार थे. इनमें 01 मरीज, 01 डॉक्टर और 01 पैरामेडिक, 02 अटेंडेंट (मरीज के परिजन), 01 मुख्य पायलट (PIC) और 01 को-पायलट शामिल था.
—- समाप्त —-



