पंजाब का गुरदासपुर जिला रविवार को उस वक्त दहल उठा, जब भारत-पाक सीमा के पास एक चेकपोस्ट पर तैनात दो पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस वारदात के 24 घंटे बाद अब पाकिस्तान के एक गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है. इसमें एक अज्ञात शूटर बेहद करीब (पॉइंट-ब्लैंक रेंज) से एक पुलिसवाले पर गोलियां बरसाता नजर आ रहा है.
हैरानी की बात यह है कि गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा शेयर किए गए बिना वेरिफिकेशन वाले वीडियो को ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ (TTH) नामक संगठन ने भी शेयर किया है. इसी संगठन ने रविवार को इस दोहरे हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी. पंजाब पुलिस फिलहाल इन दावों पर आधिकारिक तौर पर कुछ भी बोलने से बच रही है. वीडियो की सत्यता जांची जा रही है. इस वारदात की तफ्तीश जारी है.
इस हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब अढियां गांव के सरपंच कमलजीत सिंह चेकपोस्ट पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि दोरांगला SHO ने उन्हें सूचना दी थी कि चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मी फोन नहीं उठा रहे हैं. जब सरपंच सुबह करीब 8:15 बजे वहां पहुंचे, तो मंजर खौफनाक था. इंटरनेशनल बॉर्डर से महज 2 किलोमीटर दूर अढियां चेकपोस्ट के अंदर असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर गुरनाम सिंह की लाश कुर्सी पर पड़ी थी.
मौका-ए-वारदात पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
उनके हाथ जेब में थे. वहीं, होम गार्ड अशोक कुमार का शव पास ही एक खाट पर मिला. जिस इलाके में इस वारदात को अंजाम दिया गया, वह बेहद संवेदनशील है. यहां अक्सर सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन और हथियारों की तस्करी की कोशिशें होती रहती हैं. सोमवार को एक फॉरेंसिक टीम ने मौका-ए-वारदात का दौरा कर सबूत जुटाए हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है.
शहीदों को सम्मान और मुआवजे का एलान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शहीदों के परिवारों के लिए बड़े मुआवजे का एलान किया है. उन्होंने X (ट्विटर) पर लिखा, “शहीद एएसआई गुरनाम सिंह और होम गार्ड अशोक कुमार की बहादुरी और सर्वोच्च बलिदान को सलाम. पंजाब सरकार दोनों के परिवारों को 1-1 करोड़ की एक्स-ग्रेसिया देगी. HDFC बैंक की ओर से 1-1 करोड़ की अतिरिक्त बीमा राशि दी जाएगी.”
विपक्ष के निशाने पर भगवंत मान सरकार
इस घटना को लेकर पंजाब की सियासत गरमा गई है. शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोला है. उन्होंने कहा, “भगवंत मान को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए. नए आतंकी संगठन द्वारा जिम्मेदारी लिया जाना साफ संकेत है कि पंजाब में अब कोई सुरक्षित नहीं है. गैंगस्टर और आतंकी अब सीधे पुलिस फोर्स को चुनौती दे रहे हैं.”
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
वहीं, कांग्रेस ने भी इस मामले की केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की मांग की है. शहीद होम गार्ड अशोक कुमार का अंतिम संस्कार सोमवार को उनके पैतृक गांव कैलाशपुर में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया. इस दौरान स्पेशल DGP नरेश अरोड़ा, DIG संदीप गोयल और गुरदासपुर के SSP आदित्य समेत कई बड़े अफसर मौजूद रहे. सभी ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया है.
—- समाप्त —-



