More
    Home Home ‘इसमें कोई रॉकेट साइंस नहीं…’, बाबर आजम की धीमी बैटिंग पर भड़के...

    ‘इसमें कोई रॉकेट साइंस नहीं…’, बाबर आजम की धीमी बैटिंग पर भड़के शोएब अख्तर, मोहम्मद हफीज ने भी उठाए सवाल

    0
    15
    ‘इसमें कोई रॉकेट साइंस नहीं…’, बाबर आजम की धीमी बैटिंग पर भड़के शोएब अख्तर, मोहम्मद हफीज ने भी उठाए सवाल


    पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से उनके टी20 इंटरनेशनल करियर पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. कई पूर्व क्रिकेटरों का मानना है कि बाबर टी20 फॉर्मेट के लिहाज परफेक्ट बल्लेबाज नहीं है.  उनका तर्क है कि बाबर अपने खेल में जरूरी आक्रामकता और तेजी नहीं जोड़ पाए हैं.

    हाल ही में समाप्त हुई बिग बैश लीग (BBL) के दौरान भी बाबर आजम विवाद में रहे, जब सिडनी सिक्सर्स के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें सिंगल लेने से रोक दिया. बाबर पावर सर्ज का फायदा उठाना चाहते थे, लेकिन इस घटना ने उनकी टी20 सोच और स्ट्राइक रेट पर फिर बहस छेड़ दी.

    बाबर का खराब प्रदर्शन जारी
    आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बाबर आजम  अब तक 3 पारियों सिर्फ 66 रन बना सके हैं. इस दौरान उनका औसत 22 और स्ट्राइक रेट 115.78 रहा है. उनकी धीमी शुरुआत ने दूसरे छोर पर दबाव बढ़ाया. नीदरलैंड्स और भारत के खिलाफ उन्होंने खराब शॉट खेलकर विकेट गंवाया, जिससे विरोधी टीम्स को बढ़त मिल गई.

    पाकिस्तानी टीवी शो ‘गेम ऑन है’ में शोएब अख्तर ने कहा, ‘सबसे पहले तो बाबर को खुद फैसला लेना चाहिए था कि यह फॉर्मेट उनके लिए नहीं है. दूसरी बात, अगर आप चाहते थे कि बाबर खेलें, तो यह सुनिश्चित करना चाहिए था कि वह पहले छह ओवर में बल्लेबाजी करें. यह बहुत साधारण सी बात है, इसमें कोई रॉकेट साइंस नहीं है.’

    मौजूदा वर्ल्ड कप में बाबर आजम पाकिस्तान के लिए नंबर-4 पर बल्लेबाजी कर रहे हैं. नामीबिया के खिलाफ उन्हें बल्लेबाजी का मौका भी नहीं मिला. पाकिस्तान के कोच माइक हेसन ने कहा कि पावरप्ले में कम स्ट्राइक रेट की वजह से बाबर को नंबर-4 पर उतारा जा रहा है. हालांकि, पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज ने इस बयान से असहमति जताई, उन्होंने कहा कि बाबर नंबर-4 के लिए उपयुक्त बल्लेबाज नहीं हैं. उनके अनुसार, बाबर को ओपनर या नंबर-3 पर ही खेलना चाहिए.

    मोहम्मद हफीज ने कहा, हमारे कोच माइक हेसन ने बाबर आजम पर जो बयान दिया, मैं उसे समझ नहीं पाया. उनका कहना है कि बाबर न तो पावरप्ले का फायदा उठा सकते हैं और न ही 10 ओवर के बाद बड़े शॉट खेल सकते हैं. मैंने इसे 15 बार सुना, लेकिन फिर भी समझ नहीं आया. अगर ऐसा है, तो फिर बाबर टीम में क्यों खेल रहे हैं?’

    सुपर-8 स्टेज में पाकिस्तान-न्यूजीलैंड का मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया. कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी और दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अहम चरण में बाबर आजम की फॉर्म और बल्लेबाजी क्रम को लेकर उठे सवाल पाकिस्तानी टीम प्रबंधन के लिए बड़ी चुनौती बन चुके हैं.

    —- समाप्त —-



    Source link

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here