More
    Home Home मोबाइल गेम की लत और बीच पर संदिग्ध मौत… ऐसे उलझ गई...

    मोबाइल गेम की लत और बीच पर संदिग्ध मौत… ऐसे उलझ गई 16 साल के लड़के की ‘डेथ मिस्ट्री’

    0
    3
    मोबाइल गेम की लत और बीच पर संदिग्ध मौत… ऐसे उलझ गई 16 साल के लड़के की ‘डेथ मिस्ट्री’


    केरल के कोच्चि से एक नाबालिग लड़के की रहस्यमय मौत की घटना सामने आई है. यहां के नजारक्कल इलाके का रहने वाला 16 साल का अर्जुन कुमार शुक्रवार शाम को मालीपुरम के पास चप्पा बीच पर मृत पाया गया. इस घटना ने न केवल इलाके में दहशत फैला दी है, बल्कि किशोरों में बढ़ती मोबाइल गेम्स की लत को लेकर एक गंभीर बहस छेड़ दी है. पुलिस मोबाइल गेमिंग एंगल से केस की जांच कर रही है.

    जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम को अर्जुन अपने घर से यह कहकर निकला था कि वो पास के एक टर्फ ग्राउंड पर फुटबॉल खेलने जा रहा है. लेकिन जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई. काफी खोजबीन के बाद जब उसका कहीं पता नहीं चला, तो उसकी मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी.

    सघन तलाशी अभियान के बाद शुक्रवार शाम को अर्जुन का शव मालीपुरम के पास स्थित चप्पा बीच पर बरामद हुआ. पुलिस को जांच के दौरान इलाके के CCTV फुटेज भी मिले हैं, जिनमें अर्जुनकुमार अकेला ही बीच की ओर जाता हुआ दिखाई दे रहा है. फुटेज में उसके साथ कोई नजर नहीं आया है, जिससे प्राथमिक तौर पर यह मामला आत्महत्या या हादसे का संकेत दे रहा है, लेकिन मौत पर रहस्य बरकरार है.

    इस मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब अर्जुन के परिवार ने पुलिस को उसकी मोबाइल गेम के प्रति लत के बारे में बताया. परिजनों को अंदेशा है कि उसकी मौत का संबंध मोबाइल गेमिंग से हो सकता है. डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस जयकृष्णन एस ने बताया, “पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया है. हालांकि, परिजनों के शक को देखते हुए मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है.” 

    पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अर्जुन आखिरी समय में अपने फोन पर क्या कर रहा था? क्या वह किसी ऐसे ऑनलाइन टास्क या गेम का हिस्सा था जिसने उसे इस घातक कदम की ओर धकेला? पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी. शनिवार को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अर्जुन का शव उसके रिश्तेदारों को सौंप दिया गया. 

    —- समाप्त —-



    Source link

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here