More
    Home Home कहीं कोर्ट-कचहरी तो कहीं स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, बम...

    कहीं कोर्ट-कचहरी तो कहीं स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, बम थ्रेट से कर्नाटक-यूपी और गुजरात में हलचल

    0
    10
    कहीं कोर्ट-कचहरी तो कहीं स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, बम थ्रेट से कर्नाटक-यूपी और गुजरात में हलचल


    सोमवार को देश के कई राज्यों में धमकी भरे ईमेल मिले, जिनमें स्कूलों, कोर्ट, कोर्ट परिसर और अन्य संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. इस संबंध में सूचना मिलने के बाद पुलिस, बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीएस) और डॉग स्क्वाड ने बड़े स्तर तलाशी अभियान चलाया. जांच में ज्यादातर मामलों में धमकियां झूठी (होक्स) साबित हुईं, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर बड़े पैमाने पर इमारतें खाली कराई गईं और जांच तेज कर दी गई है.

    अहमदाबाद और वडोदरा में कुल 15 से अधिक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले. ईमेल में 1:11 बजे ब्लास्ट की चेतावनी दी गई थी और कुछ में भारत को खालिस्तान बनाने का जिक्र भी था. पुलिस, डॉग स्क्वाड और बॉम्ब स्क्वाड ने सभी स्कूलों में तलाशी ली, लेकिन अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. वहीं, स्कूल में बम की धमकी मिलने के बाद एहतियात के तौर पर स्कूलों की छुट्टी कर बच्चों के सुरक्षित कर घर भेज दिया गया है.

    जांच में जुटी साइबर क्राइम टीम

    गुजरात के उपमु्ख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा, ‘अहमदाबाद और वडोदरा पुलिस कमिश्नरों को जांच के आदेश दिए गए हैं. सभी धमकियों को गंभीरता से लिया जा रहा है.’ राज्य सरकार ने साइबर क्राइम टीम को ईमेल के स्रोत का पता लगाने का निर्देश दिया है.

    कर्नाटक में कोर्ट के उड़ाने की धमकी

    कोडागु (मदिकेरी जिला कोर्ट) और धारवाड़ में अदालत परिसरों को बम लगे होने की धमकी भरा ईमेल मिला. मदिकेरी कोर्ट में सुबह काम पर आने वाले अधिकारियों को ईमेल मिला, जिसके बाद तुरंत इमारत खाली कराई गई. जज, वकील, स्टाफ और मुकदमेबाजों समेत 500 से अधिक लोग बाहर निकले. बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड ने गहन तलाशी ली.

    धारवाड़ में भी इसी तरह की धमकी मिली, जहां पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की. अधिकारियों ने बताया कि एक महीने पहले भी इसी तरह का होक्स मैसेज मिला था. दोनों जगहों पर कोई विस्फोटक नहीं मिला, लेकिन जांच जारी है.

    यूपी में कचहरियों पर निशाना

    उत्तर प्रदेश में सोमवार को कम से कम 18 जिलों की जिला अदालतों (लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, मुरादाबाद, आजमगढ़, मेरठ, अमरोहा आदि) को बम धमकी वाले ईमेल प्राप्त हुए. लखनऊ सिविल कोर्ट को सोमवार को फिर से दो मेल मिला, जिनमें पहले 11:15 और फिर 12:15 बजे धमाके की बात कही गई. धमकी को गंभीरता से लेते हुए  बीडीएस और स्थानीय पुलिस ने जगह-जगह तलाशी ली.

    इसी तरह अयोध्या और अन्य जिलों में भी परिसर खाली कराए गए. बीते शुक्रवार को भी यूपी के 18 जिलों में इसी तरह की धमकियां मिली थीं, जिनकी जांच यूपी एटीएस को सौंपी गई थी. कुछ रिपोर्टों में ईमेल तमिलनाडु से भेजे जाने का संकेत मिला है. पिछले तीन दिनों से लगातार अदालतों को धमकियां मिल रही हैं.

    आपको बता दें कि ये घटनाएं एक पैटर्न की ओर इशारा करती हैं, जहां चुनावी या संवेदनशील वक्त पर होक्स धमकियां बढ़ जाती हैं. पिछले कुछ महीनों में दिल्ली-एनसीआर, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में भी स्कूलों, कोर्ट और सरकारी इमारतों को इसी तरह के ईमेल मिल चुके हैं. ज्यादातर मामलों में धमकियां झूठी निकलीं, लेकिन साइबर विशेषज्ञ ईमेल के आईपी एड्रेस और स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं.

    —- समाप्त —-



    Source link

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here