More
    Home Home EXCLUSIVE: कैसा होगा नया बांग्लादेश? आजतक से BNP ने शेयर किया रोडमैप…...

    EXCLUSIVE: कैसा होगा नया बांग्लादेश? आजतक से BNP ने शेयर किया रोडमैप… भारत संग रिश्तों पर भी की बात

    0
    9
    EXCLUSIVE: कैसा होगा नया बांग्लादेश? आजतक से BNP ने शेयर किया रोडमैप… भारत संग रिश्तों पर भी की बात


    बांग्लादेश में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने बंपर जीत हासिल कर ली है. दो-तिहाई बहुमत मिलने के बाद सरकार के गठन को लेकर कवायद तेज हो गई है. खबरें आ रही हैं कि चार दिनों में तारिक रहमान प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. 17 फरवरी को नवनिर्वाचित सांसदों का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है. भारत बांग्लादेश में हो रहे राजनीतिक बदलाव पर नजरें बनाया हुआ है. आजतक ने तारिक रहमान के दो सलाहकार ज़ियाउद्दीन हैदर और हुमायूं कबीर और बीएनपी के वरिष्ठ नेता मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर से बातचीत की है. सलाहकारों ने बताया कि नया बांग्लादेश कैसा होगा और आने वाले दिनों में भारत के साथ संबंध कैसे होने वाले हैं. 

    आइए, पहले जानते हैं कि सलाहकार ज़ियाउद्दीन हैदर के साथ आजतक की क्या-क्या बातचीत हुई.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी के अध्यक्ष तारिक रहमान से बातचीत कर उन्हें जीत की बधाई दी है. इस संवाद को बांग्लादेश और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंधों में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है. सलाहकार ज़ियाउद्दीन हैदर ने इस बातचीत पर रिएक्ट करते हुए कहा कि यह पहल दोनों देशों के बीच संवाद को आगे बढ़ाने का एक अच्छा अवसर है. उन्होंने बताया कि भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के हालिया बांग्लादेश दौरे और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा ज़िया के निधन पर भारत द्वारा शोक संदेश भेजना भी रिश्तों में सकारात्मक विकास का संकेत है.

    ज़ियाउद्दीन हैदर ने नई बांग्लादेश सरकार की नीति ‘बांग्लादेश फर्स्ट’ को उसके मुख्य एजेंडे के रूप में बताया. उनका मानना है कि सरकार की प्राथमिकता देश और उसके लोगों के हितों को सर्वोच्च रखेगी. स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, जलवायु परिवर्तन और खाद्य सुरक्षा जैसे क्षेत्रों को खास महत्व दिया जाएगा. साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि अतीत के अनुभवों से मिली सीख को ध्यान में रखते हुए भविष्य की नीतियों को तैयार किया जाएगा.

    यह भी पढ़ें: ‘हम संबंध सुधारने को तैयार, लेकिन…’, भारत-बांग्लादेश रिश्तों पर बोले तारिक रहमान के सलाहकार

    भारत और अन्य पड़ोसी देशों के साथ बेहतर और सम्मानजनक संबंध स्थापित करना बांग्लादेश की विदेश नीति का अहम हिस्सा होगा. ज़ियाउद्दीन ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि सार्क को दोबारा सक्रिय करना क्षेत्रीय विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकता है. हम अपनी विदेश नीति पर कई देशों के साथ चर्चा करेंगे, हम कनेक्टिविटी में विश्वास करते हैं. SAARC को फिर से सक्रिय करना आगे की बड़ी उम्मीद होगी.

    17 फरवरी को हो सकता है नवनिर्वाचित सांसदों का शपथग्रहण

    न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान के अगले चार दिनों के भीतर प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है. कैबिनेट सचिव शेख अब्दुर रशीद ने बताया कि संविधान के अनुसार राष्ट्रपति मोहम्मद शाहाबुद्दीन नई कैबिनेट को बांगाभवन में शपथ दिलाएंगे. हालांकि अभी शपथ ग्रहण की सटीक तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि यह समारोह 17 फरवरी को आयोजित हो सकता है.

    संवैधानिक प्रक्रिया के तहत सबसे पहले मंत्रिमंडल के सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी, उसके बाद नए निर्वाचित सांसदों को शपथ ग्रहण कराई जाएगी. चुनाव परिणामों का गजट नोटिफिकेशन भी शनिवार सुबह जारी कर दिया गया है. कानून मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि नोटिफिकेशन जारी होने के बाद तीन दिनों की अवधि 15, 16 और 17 फरवरी को मानी जाएगी.

    हालांकि मौजूदा स्थिति को जटिल बनाने वाली बात यह है कि पिछली संसद के स्पीकर ने इस्तीफा दे दिया है और वह किसी अज्ञात स्थान पर हैं, वहीं डिप्टी स्पीकर जेल में हैं. इन कारणों से राष्ट्रपति संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप किसी अन्य पात्र व्यक्ति को नव निर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाने की जिम्मेदारी सौंप सकते हैं.

    आइए, अब जानते हैं कि सलाहकार हुमायूं कबीर के साथ आजतक की क्या-क्या बातचीत हुई.

    बीएनपी के संयुक्त महासचिव (अंतरराष्ट्रीय संबंध) और सलाहकार हुमायूं कबीर ने बातचीत में पार्टी के रुख को साफ किया. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की जनता ने तारीक रहमान के नेतृत्व में भरोसा जताया है, लेकिन भारत को यह समझना होगा कि अब बांग्लादेश पहले जैसे नहीं रहा. शेख हसीना और अवामी लीग अब सत्ता में नहीं हैं, इसलिए दोनों देशों के रिश्तों में एक ‘रीसेट’ आवश्यक है.

    कबीर ने कहा कि यदि भारत इस बदलते राजनीतिक माहौल को स्वीकार करता है, तो बीएनपी सरकार भी पॉजिटिव नजरिए के साथ संबंध सुधारने को तैयार है. उन्होंने यह भी साफ़ किया कि भारत की जमीन से बांग्लादेश में अस्थिरता फैलाने वाली कोई गतिविधि नहीं होनी चाहिए. यदि ऐसी किसी गतिविधि को रोका नहीं गया, तो यह चिंता का विषय होगा.

    यह भी पढ़ें: बांग्लादेश चुनाव में जीत के बाद तारिक रहमान का पहला बयान, कहा – जनता के जनादेश का करेंगे सम्मान

    शेख हसीना के प्रत्यर्पण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह मामला न्यायपालिका के दायरे में है और अदालत के निर्देशों के अनुसार ही सरकार कार्रवाई करेगी. उन्होंने माना कि दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि मौजूद है, लेकिन अंतिम फैसला कानूनी प्रक्रिया के आधार पर होगा.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तारीक रहमान को बधाई देना और विदेश मंत्री एस. जयशंकर का ढाका दौरा दोनों देशों के बीच सकारात्मक संकेत हैं. कबीर ने कहा कि क्षेत्रीय स्थिरता और सहयोग दोनों के हित में है और व्यावहारिक समाधान संभव हैं.

    आईए, अब जानते हैं कि मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर के साथ आजतक की क्या-क्या बातचीत हुई.

    बीएनपी के वरिष्ठ नेता मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर पार्टी का रुख साफ किया है. आजतक से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह मुद्दा भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्तों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं बनेगा. फखरुल इस्लाम ने बताया कि शेख हसीना के प्रत्यर्पण संबंधी कोई भी कदम कानूनी और अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत उठाया जाएगा.

    यह भी पढ़ें: ‘भारत के साथ रिश्ते प्रभावित नहीं करेगा हसीना के प्रत्यर्पण का मुद्दा’, बोले BNP नेता फखरुल इस्लाम

    फखरुल ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत ने कभी नहीं कहा कि वह शेख हसीना को प्रत्यर्पित करने से इनकार करता है. इसलिए, इस मुद्दे को दोनों देशों के बीच तनाव के कारण नहीं माना जाना चाहिए. 

    —- समाप्त —-



    Source link

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here