ईरान में आर्थिक संकट के ख़िलाफ़ चल रहे विरोध प्रदर्शन देशभर के कई शहरों में फैल गया है. राजधानी तेहरान समेत मशहद और इस्फ़हान जैसे प्रमुख शहरों में लोग सड़कों पर उतर आए. प्रोटेस्टरों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प की भी खबरें सामने आई हैं. विरोध प्रदर्शन तेज होने के बाद इंटरनेट पर पाबंदी लगा दी गई है. ईरान में सत्ता के खिलाफ खुला विद्रोह चल रहा है.
पिछले महीने तेहरान के ग्रैंड बाज़ार से शुरू हुए प्रदर्शन अब देश भर में फैल चुके हैं. व्यापारियों द्वारा ईरानी मुद्रा रियाल के तेज गिरावट और बढ़ती महंगाई के खिलाफ आवाज़ उठाई गई थी, जो जल्द ही बेरोज़गारी, वस्तुओं की कमी और पश्चिमी प्रतिबंधों के कारण बढ़ते आर्थिक संकट में तब्दील हो गया.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और पोस्ट में देखा गया है कि कई शहरों में पूर्व शाह के समर्थन में नारे लगाए जा रहे हैं.
इसी बीच, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने घरेलू आपूर्तिकर्ताओं को चेतावनी दी है कि वे वस्तुओं की जमाखोरी या मूल्य वृद्धि न करें, जिससे जनता को राहत मिल सके.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ईरान पर दबाव बढ़ रहा है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की तो अमेरिका कड़े कदम उठाएगा. किसी की भी आवाज़ दबाने की कोशिश की गई तो हम छोड़ेंगे नहीं.
ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी हर ब्रेकिंग अपडेट सबसे पहले और सबसे सटीक रूप में आपको आजतक के इस लाइव ब्लॉग में मिलेगी. ईरान के भीतर हालात कैसे बदल रहे हैं, प्रदर्शनकारियों पर क्या कार्रवाई हो रही है और दुनिया भर से इस पर कैसी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं – हर अहम घटनाक्रम पर हमारी लगातार नज़र बनी हुई है.
पल-पल की ताज़ा जानकारी, ग्राउंड अपडेट और अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाओं के लिए इस पेज से जुड़े रहें.


