दिल्ली के तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के आसपास अवैध निर्माण हटाने के लिए एमसीडी ने बुधवार सुबह बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया. दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत चल रही इस कार्रवाई में कुल 17 बुलडोजर लगाए गए हैं.
कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने विरोध जताया. देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव किया गया. इसके बाद इलाके में तनाव फैल गया. स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है.
एमसीडी अधिकारियों के मुताबिक मस्जिद से सटे दवाखाने और बारात घर को अवैध घोषित किया गया था. रामलीला मैदान क्षेत्र में हुए सर्वे के बाद इन निर्माणों को हटाने का फैसला लिया गया था. प्रशासन ने पहले ही लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया था.
डिमोलिशन की कार्रवाई के चलते इलाके की ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई है. जेएलएन मार्ग, अजमेरी गेट, मिंटो रोड और दिल्ली गेट के आसपास वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है. ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है.
फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन भारी पुलिस मौजूदगी के बीच डिमोलिशन की कार्रवाई जारी है.
कौन-कौन सड़कें रहेंगी पूरी तरह बंद…
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कमला मार्केट गोल चक्कर से हमदर्द बिल्डिंग के आगे आसफ अली रोड का रास्ता बंद रहेगा. इसी तरह कमला मार्केट गोलचक्कर से जेएलएन मार्ग और दिल्ली गेट से जेएलएन मार्ग की तरफ जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी. मिरदर्द चौक से गुरु नानक चौक की ओर महाराजा रणजीत सिंह मार्ग का रास्ता भी कार्रवाई पूरी होने तक बंद रखा जाएगा.
—- समाप्त —-
(रिपोर्ट- आनंद)


