मुंबई के भांडुप रेलवे स्टेशन के पास सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब बेस्ट की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस रिवर्स लेते समय यात्रियों से टकरा गई, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई है और 9 लोग घायल बताए जा रहे हैं.
यह घटना 29 दिसंबर को रात करीब 10:05 बजे स्टेशन रोड, भांडुप पश्चिम में हुई. हादसे की सूचना फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को मिली, जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. मौके पर मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, बेस्ट के कर्मचारी और 108 एंबुलेंस की टीमें पहुंच गईं.
रिवर्स करते समय हुआ हादसा
शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस पीछे की ओर जा रही थी, तभी यह वहां मौजूद यात्रियों से टकरा गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया है. फिलहाल पुलिस और अन्य एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और हालात पर काबू पाने के साथ-साथ मामले की जांच की जा रही है. हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.
—- समाप्त —-



