भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी के उत्तर प्रदेश भाजपा का अगला अध्यक्ष बनने की पूरी संभावना है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग निश्चित है. वह अपना नामांकन दाखिल करने के लिए आज दोपहर एयर इंडिया की फ्लाइट से लखनऊ पहुंचेंगे. वह लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से सीधे बीजेपी कार्यालय के लिए रवाना होंगे, जहां उनको प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करना है. महाराजगंज जिले से बड़ी संख्या में उनके समर्थक लखनऊ एयरपोर्ट और पार्टी कार्यालय दोनों जगहों पर पहले से ही मौजूद हैं.
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री कैशव मौर्य और ब्रजेश पाठक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद स्मृति ईरानी, यूपी सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सूर्य प्रताप शाही, सुरेश खन्ना और बेबी रानी मौर्य पंकज चौधरी के प्रस्तावक होंगे. यदि केवल एक ही नामांकन दाखिल किया जाता है तो भारतीय जनता पार्टी आज ही अपने यूपी प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पकंज चौधरी के नाम को अंतिम रूप दे सकती है. हालांकि केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा और पूर्व सांसद निरंजन ज्योति सहित कुछ अन्य नामों को पहले यूपी बीजेपी अध्यक्ष पद की दौड़ में माना जा रहा था. लेकिन सूत्रों का कहना है कि अब वैकल्पिक नामांकन की संभावना सीमित प्रतीत होती है.
यह भी पढ़ें: यूपी को आज मिल जाएगा बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष, नामांकन के साथ तय हो जाएगा पंकज चौधरी का नाम?
उत्तर प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा रविवार दोपहर लखनऊ में पार्टी के एक कार्यक्रम में होने की संभावना है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की भी घोषणा होने की उम्मीद है. भाजपा ने इस नियुक्ति को लेकर सस्पेंस बनाए रखा है. सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने उत्तर प्रदेश में अपनी व्यापक राजनीतिक रणनीति के अनुरूप, राज्य अध्यक्ष के रूप में एक ओबीसी नेता को नियुक्त करने का निर्णय पहले ही ले लिया है.
महाराजगंज से 7 बार के लोकसभा सांसद और ओबीसी कुर्मी समुदाय के नेता पंकज चौधरी को बीजेपी यूपी में आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प के रूप में देख रही है. भाजपा को 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान ओबीसी वोट बैंक, विशेष रूप से कुर्मी समुदाय में भारी असंतोष का सामना करना पड़ा था, और नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को उस असंतोष को दूर करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है. अगर पंकज चौधरी यूपी बीजेपी के नए अध्यक्ष चुने जाते हैं, तो मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दोनों ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के पड़ोसी जिलों- गोरखपुर और महाराजगंज से होंगे.
—- समाप्त —-


