भारत और रूस के रिश्तों में गर्मजोशी अब और बढ़ने वाली है. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन India-Russia Annual Summit के लिए दो दिवसीय भारत दौरे पर आ रहे हैं. इस ऐतिहासिक दौरे से पहले उन्होंने देश के सर्वश्रेष्ठ न्यूज चैनल आजतक को एक खास इंटरव्यू दिया. इसमें उन्होंने किस मुद्दे पर क्या कहा, इसका जवाब आपको गुरुवार रात 9 बजे आजतक पर मिलेगा.
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का यह विशेष इंटरव्यू न सिर्फ़ भारत बल्कि पूरी दुनिया की नज़र में है. लगभग दो दशकों से अधिक समय बाद पुतिन ने किसी भारतीय टीवी नेटवर्क को इंटरव्यू दिया है.
यह बातचीत ऐसे समय हो रही है जब रूस–यूक्रेन युद्ध को रोकने के लिए लगातार कूटनीतिक प्रयास जारी हैं. ऐसे माहौल में पुतिन भारत आ रहे हैं और यह जानना महत्वपूर्ण है कि रिश्तों, भू-राजनीति और वैश्विक समीकरणों पर उनकी क्या सोच है.
कूटनीतिक प्रतीकों से सजे कैथरीन हॉल में इंटरव्यू
यह विशेष साक्षात्कार क्रेमलिन के ऐतिहासिक कैथरीन हॉल में रिकॉर्ड हुआ. वह जगह जहां केवल रूस के शीर्ष नेताओं की बैठकें होती हैं. विदेशी मीडिया को यहां शायद ही कभी अनुमति मिलती है, इसलिए भारतीय पत्रकारों का वहां पहुंचना अपने आप में बड़ी बात है.
बता दें कि कैथरीन हॉल वही जगह है जहां रूस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद और कैबिनेट की अहम बैठकें होती हैं. इस हॉल में लगी “मदरलैंड” और “जस्टिस” की मूर्तियां भी शक्ति, संप्रभुता और न्याय का संदेश देती हैं. ऐसे प्रतीकों के बीच दिया गया पुतिन का यह इंटरव्यू रूस की गंभीरता और उसके कूटनीतिक संदेश का प्रतीक माना जा रहा है.
इंटरव्यू का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि यह महीनों बाद पुतिन का सबसे विस्तृत सार्वजनिक बयान होगा.
इस इंटरव्यू का दूसरा अहम पहलू भारत–रूस संबंध हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात से पहले दिया गया यह बयान दोनों देशों के भविष्य के सहयोग की दिशा तय कर सकता है – खासतौर पर रक्षा, ऊर्जा, तकनीक और व्यापार जैसे क्षेत्रों में.
पुतिन के इस इंटरव्यू से पहले भारत में यूरोपीय देशों के तीन राजदूतों ने संयुक्त रूप से एक आर्टिकल लिखकर यूक्रेन युद्ध पर अपनी राय दी थी, और जवाब में रूस के राजदूत ने भी संपादकीय प्रकाशित किया था. इससे यह साफ है कि यह सिर्फ़ मीडिया इंटरव्यू नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए कूटनीतिक संकेतों का मंच बन गया है.
—- समाप्त —-



