दिल्ली के तिगड़ी एक्सटेंशन इलाके में शनिवार शाम को एक 4 मंजिला मकान में भीषण आग लग गई. इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य झुलस गए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग शाम करीब 6:15 बजे पहले ग्राउंड फ्लोर पर स्थित शू शॉप में लगी. उसके बाद ऊपरी मंजिलों तक फैल गई और देखते ही देखते पूरे मकान को चपेट में ले लिया. दिल्ली फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया.
दिल्ली फायर सर्विस को शाम 6:27 बजे सूचना मिली कि मंगल मार्केट के पास एक घर में आग लग गई है. दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में कामयाब रहे. आग पर काबू पाने के बाद फायर सर्विस डिपार्टमेंट द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान घर से तीन शव बरामद किए गए. आग लगने का वास्तविक कारण अभी तक अज्ञात है और घटना की जांच जारी है. दमकल कर्मियों ने दो लोगों को घर के अंदर से रेस्क्यू किया और उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा.
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में बताया कि शनिवार शाम 6:24 पर एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि तिगड़ी एक्सटेंशन के बी ब्लॉक स्थित एक चार मंजिला मकान में आग लग गई है. तिगड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगी हुई है, जो ग्राउंड फ्लोर पर स्थित जूते की दुकान से शुरू हुई थी. घटना में तीन पुरुषों की मौत हो गई, दो घायल महिलाओं को रेस्क्यू करके अस्पताल ले जाया गया. मृतकों में से एक की पहचान मकान के मालिक सतेंदर उर्फ जिम्मी (38) के रूप में हुई है. घटना की विस्तृत जांच के लिए क्राइम और फोरेंसिक टीमों को मौके पर बुलाया गया.
—- समाप्त —-


