T20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल बुधवार (4 मार्च) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में है. जहां साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे. दोनों टीमें अब तक एक भी टी20 वर्ल्ड कप खिताब नहीं जीत पाई हैं, ऐसे में फाइनल का टिकट ही नहीं, इतिहास रचने का भी मौका दांव पर होगा.
साउथ अफ्रीका इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है. कप्तान एडेन मार्करम शानदार फॉर्म में हैं. उन्हें 2000 टी20 इंटरनेशनल रन पूरे करने के लिए 52 रन चाहिए, जबकि वह इस एडिशन में 300 रन पूरे करने वाले पहले साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज बनने से सिर्फ 32 रन दूर हैं. वहीं ईश सोढ़ी T20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बनने से महज तीन विकेट दूर हैं. इतिहास और फाइनल में जगह दांव पर होने के साथ, ईडन गार्डन्स एक हाई-प्रेशर क्लासिक के लिए तैयार है.
यह भी पढ़ें: SA vs NZ: T20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका का 5-0 का दबदबा, क्या सेमीफाइनल में बदलेगा इतिहास?
वहीं जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछले मैच में आराम दिए गए अफ्रीकी खिलाड़ियों की वापसी तय है. टीम में 3 बड़े बदलाव होंगे. कगिसो रबाडा, मार्को जानसेन, केशव महाराज की वापसी तय है. एनरिक नोर्किया बाहर बैठ सकते हैं.
कीवी टीम की राह मुश्किल, पहले हार का बदला लेने उतरेगी
न्यूजीलैंड का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है. सुपर 8 के आखिरी मुकाबले में हार के बाद टीम को दूसरे नतीजों पर निर्भर रहना पड़ा, लेकिन आखिरकार सेमीफाइनल का टिकट मिल गया. इससे पहले टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका ने उन्हें हराया था, ऐसे में कीवी टीम के पास बदला लेने का सुनहरा मौका है. तेज गेंदबाज मैट हेनरी चोट के कारण बाहर हो सकते हैं, जिससे कीवी गेंदबाजी आक्रमण को झटका लगा है. मैट हेनरी यदि नहीं उपलब्ध होते हैं, तो जैकब डफी खेलेंगे.
Semi-final locked in 🔒
Watch LIVE in New Zealand on @skysportnz 📺 #T20WorldCup pic.twitter.com/t0Pmh8YKMf
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) March 3, 2026
वैसे ईडन गार्डन्स में इससे पहले भारत बनाम वेस्टइंडीज मुकाबला हाई-स्कोरिंग रहा था. ऐसे में एक और रनफेस्ट की उम्मीद है. रबाडा, जानसेन, लुंगी एनगिडी और कॉर्बिन बॉश की तेज चौकड़ी कीवी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश करेगी, जबकि केशव महाराज अकेले विशेषज्ञ स्पिनर होंगे. साउथ अफ्रीका की सबसे बड़ी ताकत उसकी बल्लेबाजी गहराई है, जहां नंबर 7 पर उतरने वाले जानसेन भी मैच पलटने की काबिलियत रखते हैं.
साउथ अफ्रीका की संभावित प्लेइंग 11: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवॉल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी
न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग 11: फिन एलन, टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), कोल मैककॉन्ची, जैकब डफी/मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, ईश सोढ़ी.
—- समाप्त —-


