राजस्थान के फलोदी जिले के मतोड़ा थाना क्षेत्र में भारतमाला एक्सप्रेसवे पर रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जोधपुर के सूरसागर निवासी 18 लोग बीकानेर स्थित कोलायत मंदिर के दर्शन कर टेंपो ट्रैवलर से लौट रहे थे. हनुमान सागर चौराहे के पास तेज रफ्तार टेंपो ट्रैवलर अचानक खड़े ट्रक में घुस गई. हादसे में 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
फलोदी के पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने हादसे में मृतकों की पुष्टि की. उन्होंने कहा, ‘हादसे में 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. 3 घायलों को तुरंत ओसियां अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जोधपुर रेफर किया गया.’ फलोदी के डीएसपी अचलसिंह देवड़ा ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो ट्रैवलर पूरी तरह चकनाचूर हो गया.
ट्रेंपो ट्रैवलर के उड़े परखचे
कई शव टेंपो ट्रैवलर के सीटों और लोहे में बुरी तरह फंसे गए, जिन्हें निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. फलोदी थाना अधिकारी अमानाराम ने बताया, ‘सभी मृतक और घायल जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र के रहने वाले थे. ये लोग परिवार सहित कोलायत दर्शन कर लौट रहे थे.’ मौके पर पुलिस, SDRF और राहत दल ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया.
हादसे की सूचना मिलते ही जोधपुर पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश माथुर मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. भारतमाला एक्सप्रेसवे पर टेंपो ट्रैवलर की तेज गति और दृश्यता कम होने के कारण ड्राइवर को सड़क के किनारे खड़े ट्रक का दिखाई नहीं देना होना, हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
फलोदी के मतोडा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
जिला प्रशासन के अधिकारियों को सभी घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए गए हैं। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति दें…
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) November 2, 2025
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस सड़क हादसे पर दुख प्रकट करते हुए X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘फलोदी के मतोड़ा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. जिला प्रशासन के अधिकारियों को सभी घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए गए हैं. प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.’
मुझे पटना में अभी समाचार मिला है कि फलोदी के मतोडा में सड़क हादसे में 15 लोगों की मृत्यु हुई है। यह सुनकर मन बेहद दुखी है। मैं ईश्वर से सभी दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं उनके परिजनों को हिम्मत देने तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) November 2, 2025
पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने X पर पोस्ट किया, ‘मुझे पटना में अभी समाचार मिला है कि फलोदी के मतोड़ा में सड़क हादसे में 15 लोगों की मृत्यु हुई है. यह सुनकर मन बेहद दुखी है. मैं ईश्वर से सभी दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं उनके परिजनों को हिम्मत देने तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.’
—- समाप्त —-


